ऋषिकेश: थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र के मस्तराम घाट पर गंगा में स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सूरज सिंह (25) पुत्र माधव सिंह निवासी भौनखाल, जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई है। वह दोपहर करीब ढाई बजे मस्तराम घाट पर गंगा में स्नान कर रहा था, तभी अचानक गहराई में चला गया और डूब गया।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को दी। इसके बाद एसडीआरएफ ढालवाला की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब 20 फीट गहराई में खोजबीन के बाद युवक का शव बरामद किया गया।
बताया जा रहा है कि युवक ऋषिकेश के एक होटल में शेफ के रूप में काम करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
