
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर में पत्नी निगार खान उर्फ रीना की हरकतों से परेशान होकर तमंचे से गोली मारकर घायल करने के आरोपी शकील खां को पुलिस ने जेल भेज दिया है। निगार की मां ने शकील व उसके बड़े भाई पूर्व चेयरमैन रईस मियां के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शकील नगर पंचायत अध्यक्ष मुनारा बेगम का पुत्र है।
कांट के मोहल्ला शेखान निवासी नगर पंचायत अध्यक्ष के दूसरे नंबर के पुत्र शकील का मंगलवार की रात पत्नी निगार से विवाद हो गया था। आरोपी के अनुसार, रात 11 बजे मामूड़ी स्थित आवास से उसने किसी युवक को घर से निकलते देख लिया था। रात में पत्नी निगार से विवाद होने के बाद वह कांट लौट आया था। सुबह पत्नी ऑटो से कांट पहुंच गई। निगार ने साथ में रहने या न रहने का फैसला करने का दबाव बनाया।
विवाद बढ़ने पर शकील ने महुआ स्टैंड के पास स्थित नर्सरी के पास तमंचे से पत्नी के ऊपर गोली चला दी थी। एक गोली हाथ और दूसरी पेट के नीचे लगी। घटना के बाद पुलिस ने घायल को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। बुधवार को पुलिस ने शकील को शीतला माता मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि घटना में ऑर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।