ऋषिकेश । ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गंगा की तेज धारा में बह रहे दो युवकों की जान राफ्टिंग गाइड प्रीतम चौहान और अंकित चौहान ने बहादुरी दिखाते हुए बचा ली। यह घटना 25 मई की शाम करीब पांच बजे लक्ष्मणझूला पुल के नीचे हिल्टन रैपिड के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, पैरामाउंट टूर कैलासगेट मुनि की रेती के गाइड प्रीतम और अंकित पर्यटकों को रिवर राफ्टिंग करा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने गंगा की तेज धारा में दो युवकों को बहते देखा। स्थिति बेहद गंभीर थी क्योंकि तेज बहाव के कारण एक युवक पानी के अंदर चला गया था और केवल दूसरे युवक का सिर दिखाई दे रहा था।
गाइडों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए थ्रो बैग और टीमवर्क की मदद से दोनों युवकों का रेस्क्यू शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर राफ्ट में बैठाया गया।
बचाए गए युवकों में से रोशन ने बताया कि वह लक्ष्मणझूला का निवासी है। स्नान करते समय उसका दोस्त तेज धारा में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में वह खुद भी बहाव में फंस गया और दोनों गंगा में बहने लगे।
गंगा नदी रिवर राफ्टिंग के पूर्व अध्यक्ष दिनेश भट्ट ने गाइडों की सराहना करते हुए कहा कि प्रीतम और अंकित पहले भी कई बार पर्यटकों की जान बचा चुके हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन से ऐसे साहसी और कुशल गाइडों को सम्मानित करने की मांग की।
गाइड प्रीतम और अंकित ने बताया कि हिल्टन रैपिड क्षेत्र में गंगा का बहाव बेहद तेज था, जिससे रेस्क्यू करना काफी चुनौतीपूर्ण रहा। हालांकि सही समय पर प्रयास और टीमवर्क से दोनों युवकों की जान बचाई जा सकी।
